Thursday, 14 August 2008

वन्दे मातरम्...


' वन्दे मातरम् ' देश-प्रेम का गीत है , प्रत्‍येक देश के राष्‍ट्रगीत में स्‍वाभिमान होता है, वस्तुतः राष्‍ट्रध्‍वज और राष्‍ट्रगीत ही ऐसी प्रेरणा होती है जिसके लिए सारी की सारी पीढियां अपना सर्वस्‍व न्‍यौछावर कर देती हैं। भारत में फांसी पर चढ़ने वाले क्रांतिकारियों के अंतिम शब्‍द होते थे ‘वंदे मातरम्...!

'वन्दे मातरम्' गीत के पहले दो अनुच्छेद सन् 1876 ई० में बंकिम चन्द्र चट्टोपाध्याय ने संस्कृत भाषा में लिखे थे। इन दोनों अनुच्छेदों में किसी भी देवी -देवता की स्तुति नहीं है , इनमें केवल मातृ-भूमि की वन्दना है । सन् 1882 ई० में जब उन्होंने 'आनन्द- मठ' नामक उपन्यास बॉग्ला भाषा में लिखा तब इस गीत को उसमें सम्मिलित कर लिया तथा उस समय उपन्यास की आवश्यकता को समझते हुए उन्होंने इस गीत का विस्तार किया परन्तु बाद के सभी अनुच्छेद बॉग्ला भाषा में जोड़े गए। इन बाद के अनुच्छेदों में देवि दुर्गा की स्तुति है ।

सन् 1896 ई० में कांग्रेस के कलकत्ता ( अब कोलकता ) अधिवेशन में, रवीन्द्रनाथ ठाकुर ने इसे संगीत के लय साथ गाया । श्री अरविंद ने इस गीत का अंग्रेजी भाषा में अनुवाद किया तथा आरिफ मोहम्मद खान ने इसका उर्दू भाषा में अनुवाद किया है। तत्र दिनांक - 07 सितम्बर सन् 1905 ई० को कॉग्रेस के अधिवेशन में इसे 'राष्ट्रगीत ' का सम्मान व पद दिया गया तथा भारत की संविधान सभा ने इसे तत्र दिनांक- 24 जनवरी सन् 1950 ई० को स्वीकार कर लिया । डॉ० राजेन्द्र प्रसाद (स्वतन्त्र भारत के प्रथम राष्ट्रपति ) द्वारा दिए गए एक वक्तव्य में 'वन्दे मातरम्' के केवल पहले दो अनुच्छेदों को राष्टगीत की मान्यता दी गयी है क्योंकि इन दो अनुच्छेदों में किसी भी देवी - देवता की स्तुति नहीं है तथा यह देश के सम्मान में मान्य है ।

यह मधुर गीत विश्व का दूसरा सबसे लोकप्रिय गीत है (बी बी सी ने अपनी 70वीं वर्षगांठ पर एक सर्वे कराया था जिसके परिणाम की घोषणा 21 दिसम्बर सन् 2002 ई० में की गयी थी)। आईये हम गगनभेदी आवाज़ में इसे पुनः गाकर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दें :--

वन्दे मातरम् !

सुजलाम् सुफलाम् मलयज-शीतलाम् ,

शस्यश्यामलाम् मातरम् !

शुभ्रज्योत्स्ना पुलकितयामिनीम्

फुल्लकुसुमित द्रुमदल शोभिनीम्

सुहासिनीम् सुमधुर भाषिणीम्

सुखदाम् वरदाम् मातरम् !

वन्दे मातरम् ...!

Monday, 11 August 2008

भारत ने स्वर्ण जीता

भारत के लिए ओलिंपिक से एक खुशखबरी है। एक सदी से जिस सपने को हम आंखों में संजोए बैठे थे आखिरकार वह पूरा हो गया है। यह सपना पूरा किया है भारत के निशानेबाज़ अभिनव बिंद्रा ने।

उन्होंने ओलंपिक खेलों की 10 मीटर एयर रायफल स्पर्धा का स्वर्ण जीतकर इतिहास रच दिया। ओलिंपिक में यह पहली बार है जब किसी भारतीय ने अपने दम पर स्वर्ण पदक जीता है। ओलंपिक में हॉकी को छोड़कर भारत कभी किसी खेल में स्वर्ण पदक नहीं जीत पाया था। लेकिन बिंद्रा ने नया इतिहास रचते हुए न केवल स्वर्ण जीता बल्कि भारत को ओलंपिक की पदक तालिका में भी स्थान दिला दिया।

25 वर्षीय बिंद्रा ने भारत को 28 वर्षों के अंतराल के बाद ओलंपिक में स्वर्ण पदक दिलाया। भारत ने सन् 1980 ई० के मॉस्को ओलंपिक में हॉकी का स्वर्ण जीता था। अभिनव ने 10 मीटर एयर रायफल स्पर्धा का स्वर्ण 700.5 के स्कोर के साथ जीता। उनके स्वर्ण जीतते ही वहां रेंज में मौजूद सभी भारतीय समर्थक खुशी से झूम उठे।

ओलिंपिक में अभिनव बिंद्रा के इस शानदार प्रदर्शन पर उन्हें हार्दिक बधाई !

Tuesday, 22 July 2008

विश्वास मत जीतने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री


प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह सरकार द्वारा मंगलवार को लोकसभा से विश्वास मत हासिल कर लिए जाने के साथ ही देश के राजनीतिक और संसदीय इतिहास में एक नया रोमांचक अध्याय जुड़ गया। वे विश्वास मत जीतने वाले देश के पहले प्रधानमंत्री बन गए हैं। (दो दिनों की बहस के बाद यपीए सरकार लोकसभा में विश्वास मत हासिल करने में सफल रही है। विश्वास मत के पक्ष में 275 और विपक्ष में 256 वोट पड़े हैं। )

देश के अब तक के संसदीय इतिहास में पांच प्रधानमंत्रियों ने अपनी सरकार पर छाए संकट के समय विश्वास मत हासिल करने का प्रयास किया और पांचों ही उसमें असफल रहे। वे प्रधानमंत्री थे- मोरारजी देसाई, चरण सिंह, विश्वनाथ प्रताप सिंह, एच.डी. देवेगौड़ा और अटल बिहारी वाजपेयी।

इनमें से मोरार जी देसाई ने स्थिति को भांपकर सदन में विश्वास मत के प्रस्ताव पर मतदान से पहले ही इस्तीफा दे दिया था। उनके बाद प्रधानमंत्री बने चरण सिंह को लोकसभा का विश्वास हासिल करना था लेकिन वह सदन का सामना ही नहीं कर सके। विश्वनाथ प्रताप सिंह की सरकार कांग्रेस और बीजेपी द्वारा विरोध में मतदान के फलस्वरुप सदन में विश्वास मत के प्रस्ताव पर हार गई थी।

देवेगौड़ा ने कांग्रेस का समर्थन नहीं मिलने के कारण विश्वास मत प्रस्ताव पर मतदान से पहले ही इस्तीफा दे दिया था। अटल बिहारी वाजपेयी 1996 में सदन में मतदान से पहले ही अपनी 13 दिन की सरकार का इस्तीफा देने पर विवश हो गए थे जबकि 1998 में उनकी सरकार विश्वास मत का प्रस्ताव एक वोट से हार गई थी।

नवभारतटाइम्स से साभार

Friday, 18 July 2008

तस्मै श्रीगुरवे नमः ....


अज्ञान-तिमिरान्धस्य ज्ञानांजन-शलाकया ।

चक्षुरुन्मिलितं येन तस्मै श्रीगुरवे नमः ।।

भारतवर्ष में गुरु - शिष्य की परंपरा अत्यंत प्राचीन काल से रही है। जब शिष्य को सदगुरु प्राप्त हो जाते हैं तो उसकी दिशा एवं दशा दोनों बदल जाती है। गुरु की कृपा से शिष्य का दुर्भाग्य सौभाग्य में बदल जाता है। धर्म शास्त्रों में गुरु की महत्ता बतलाते हुए कहा गया है कि गुरु से श्रेष्ठ कुछ भी नहीं है। यहाँ तक कहा गया है कि भगवान के रुष्ट होने पर गुरु बचा लेते हैं परन्तु गुरु के रुष्ट होने पर कोई भी नहीं बचा सकता अतएव समस्त प्रयत्नों से श्री गुरु की शरण में जाना चाहिए।

हरौ रुष्टे गुरुस्त्राता गुरौ रुष्टे न कश्चन ।

तस्मात् सर्व प्रयत्नेन श्रीगुरु शरणं व्रजेत।।

कहते है कि श्री भगवान स्वयं वेदव्यास के रूप में जन-सामान्य को ज्ञान देने के लिये देह धारण किये थे अतः व्यास-जयन्ती पर गुरु-पूर्णिमा मनाया जाता है। लोग अपनी गुरु-परंपरा को स्मरण , पूजन आदि करते हैं। आज मैं भी अपने समस्त गुरु जनों को सादर नमन करते हुए एक पुरानी प्रार्थना दुहराती हूँ :-

बादल आवश्यकतानुसार जल बरसें जिससे यह पृथ्वी धन-धान्य से परिपूर्ण हो , मेरा देश सभी प्रकार के उद्वेग से रहित हो तथा साधक-समुदाय निडर हो कर अनुसन्धान करें ।


काले वर्षतु पर्जन्यः पृथ्वी शस्यशालिनी ।

राष्ट्रोSयं क्षोभ रहितो निर्भयः सन्तु साधकः ।।

Sunday, 29 June 2008

फलाहारी व्यंजन ही क्यों .....?

जब मैं छोटी सी थी तब कभी-कभी सोंचा करती थी की लोग ब्रत-उपवास के दिन फलाहार क्यों खाते हैं? क्या खाने में मज़ेदार स्वाद मिलता हैं इसलिए? या ज्यादा पौष्टिक होता हैं इसलिए? कुछ भी बिना खाए क्या उपवास नहीं रहा जा सकता हैं? मेरी दादी जी कहती थी- "नहीं, यह शुद्ध होता हैं इसलिए" मैं सोचती थी शुद्ध तो सभी होता हैं, आखिर घर में ही तो बनता है । पर छोटी थी अतः शांत रहती थी। लेकिन जिज्ञासा नहीं शांत हुई ! बहुतों से पूंछा किसी ने बात को हँसी में उड़ा दिया तो किसी ने मुझ पर ही हंसी उड़ा दिया ! प्रश्न का उत्तर नहीं मिला । एक दिन यही सवाल झिझकते -झिझकते सर जी से पूंछ बैठी । ( अभी मई माह में जब सर जी की अस्वस्थता का समाचार पाकर उन्हें देखनें जब हम इलाहाबाद गए थे ) तब सर जी ने ( श्रद्धेय श्री दिवाकर प्रताप सिंह जी ने ) बताया की ऐसा शास्त्र का वचन है कि गृहस्थ को निराहार नहीं रहना चाहिए । ब्रह्मर्षि गौतम का कथन है कि :-
आदित्ये Sहनि संक्रान्त्याम सितैकादशिशु च ।
पारणामु पवासन्च न कुर्यात पुत्रवान गृही ॥
अर्थात शास्त्रज्ञा के अनुसार गृहस्थियों के लिये निराहार जीवन का निषेध है तो अब व्रतादि का पुण्य लाभ पानें हेतु करें क्या ? इस पर महर्षि वेदव्यास जी ने वायु-पुराण में लिखा है :-
उपवास निषेधे तु भक्ष्यं किन्चित्कल्पयेत ।
न दुश्यत्युपवासेन उपवास फलं लभेत ॥
अर्थात व्रताभिलाशी गृहस्थ शास्त्रोक्त-आहार ( जल या दुग्ध पी ले तथा फल ) खा ले तो शास्त्राज्ञा निषेध का दोष भी नहीं लगता तथा व्रत -उपवास का पूरा फल भी उसे प्राप्त हो जाता है । बस इसीलिए व्रत- उपवास में लोग फलाहारी व्यंजन खाते हैं ।


Saturday, 7 June 2008

सिंहावलोकन .......





महामहिम राष्ट्रपति प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने मई माह में अग्रिम सीमावर्ती अपनी पंच दिवसीय यात्रा के समय 'बारामुला' में जवानों को सम्बोधित करते समय कहा कि सीमा पर फायरिंग करने वालों को मुँहतोड़ ज़वाब दिया जायेगा । इस यात्रा के दौरान ए के -47 रायफल हाथ में उठायी हुयी राष्ट्रपति महोदया के चित्र पर वहाँ की स्थानीय पार्टी( नेशनल कांफ्रेस) के नेता उमर अब्दुल्लाह् ने अपने ब्लॉग पर नाराज़गी जताते हुए लिखा कि मुस्कराते हुए हथियार नहीं उठाया जा सकता ! वस्तुतः उमर अब्दुल्लाह् जैसे नेता ने कभी भी भारतीय संस्कृति को समझने की कोशिश ही नहीं की अन्यथा उन्हें यह पता होता कि "...चित्ते कृपा समरनिष्ठुरता च दृष्टा " का वर्णन माँ दुर्गा हेतु 'सप्तशती' में लिखा है और श्रीराम-रावण युद्ध में भी रघुनाथ जी के मुस्कराने का वर्णन करते हुए गो० तुलसीदास ने लिखा है - प्रभु मुस्काहिं देखि अभिमाना। धनुष उठाइ बान सन्धाना ।।

Thursday, 5 June 2008


पर्यावरण दिवस पर..........


एक कहावत है कि कभी भी बात इतनी नहीं बिगड़ती कि उसे कभी संभाला न जा सके। 'पर्यावरण ' पर भी यही बात लागू होती है । आइये देखें, इसे रोकने के लिए हम-आप क्या कर सकते हैं। पर्यावरण संरक्षण के बारे में पढ़े और साथियों को पढ़ने के लिए प्रेरित करें । इससे आप पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका को समझ सकेंगे । 'इनवॉयरनमेंट क्लब' का गठन इस दिशा में अच्छी पहल साबित हो सकती है। हम जब भी बिजली का इस्तेमाल करते हैं, वायुमंडल में ग्रीनहाउस गैसों की मात्रा बढ़ती है। बिजली बचाकर आप न केवल ऊर्जा, बल्कि पृथ्वी को भी बचा सकते हो। ईधन चालित व्यक्तिगत वाहनों की जगह कार पूल/बस में सफर को वरीयता देनी चाहिए। छोटी दूरी के लिए पैदल चलने या साइकिल का इस्तेमाल करें । बिजली की जगह सोलर एनर्जी के इस्तेमाल से ग्रीन हाउस प्रभाव को सीमित किया जा सकता है। रोशनी, खाना बनाने और पानी गर्म करने के लिए सोलर एनर्जी प्रोडॅक्ट्स आसानी से उपलब्ध है। अधिक से अधिक मात्रा में वृक्ष लगायें और इनकी देखभाल करें । यही वह भरोसेमंद सिपाही हैं; जो पृथ्वी को बचाने की इस लड़ाई में सच्चे साथी साबित होंगे।